सुमित कुमार
भागलपुर जिले में कृषि आधारित वैकल्पिक रोजगार के रूप में मशरूम की खेती एक उभरती हुई संभावना है, विशेष रूप से महिलाओं के लिए जो पारंपरिक कृषि कार्यों में संलग्न होती हैं। यह अध्ययन महिला सशक्तिकरण और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के संदर्भ में मशरूम उत्पादन की उपयोगिता को रेखांकित करता है। मशरूम उत्पादन एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें सीमित भूमि, कम पूंजी निवेश, और न्यूनतम तकनीकी ज्ञान के साथ महिलाएं प्रभावी रूप से शामिल हो सकती हैं। भागलपुर जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक स्व-सहायता समूह एवं गैर-सरकारी संगठनों ने महिलाओं को मशरूम उत्पादन हेतु प्रशिक्षण एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की है, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। इस अध्ययन से पता चलता है कि जिन महिलाओं ने मशरूम उत्पादन को अपनाया है, उन्होंने न केवल पारिवारिक आय में वृद्धि की है, बल्कि वे निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी अधिक सक्रिय हो गई हैं। इसके अतिरिक्त, यह क्षेत्र महिलाओं को घरेलू कार्यों के साथ-साथ लघु व्यवसायिक गतिविधियों में शामिल करने का सशक्त माध्यम बन रहा है। अध्ययन यह भी बताता है कि यदि सरकारी सहायता, तकनीकी प्रशिक्षण और विपणन सुविधाएं पर्याप्त रूप से प्रदान की जाएं, तो मशरूम खेती महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी भूमिका निभा सकती है।
Pages: 89-92 | 469 Views 138 Downloads